May 17, 2026

News Critic

Latest News In Hindi

दिल्ली की आप सरकार में मंत्री कैलाश गहलोत ने मंत्री पद और आप की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया

दिल्ली की आप सरकार में परिवहन, प्रशासनिक सुधार, सूचना एवं प्रौद्योगिकी, गृह तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री कैलाश गहलोत ने जीएनटीसीडी मंत्रिपरिषद से अपना इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही कैलाश गहलोत ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इसकी जानकारी आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को पत्र लिख कर दी।

पत्र लिखकर दी इस्तीफे की जानकारी

कैलाश गहलोत ने अरविंद केजरीवाल और सीएम आतिशी को अलग अलग पत्र लिख कर अपने इस्तीफे की जानकारी दी। कैलाश गहलोत ने सीएम आतिशी को लिखे पत्र में कहा-  माननीय मुख्यमंत्री जी, मैं जीएनटीसीडी की मंत्रिपरिषद से अपना इस्तीफा दे रहा हूं। इसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया जाए।

इसके अलावा कैलाश गहलोत ने आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल को लिखे पत्र में आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस ईमानदारी के चलते पार्टी में आया था अब वह नहीं रही है। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री के सरकारी आवास के सन्दर्भ में भी आरोप लगाए। साथ ही यमुना प्रदूषण को लेकर भी टिप्पणी की। इसके अलावा उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार लोगों के लिए काम करने से ज्यादा समय केंद्र सरकार से लड़ने में लगाती है।

पत्र में आप सरकार पर लगाए आरोप

 

कैलाश गहलोत ने अपने पत्र में आम आदमी पार्टी और दिल्ली सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी अपना ज्यादातर समय केंद्र सरकार से विवाद करने में व्यतीत करती है। यह हर समय केंद्र से आरोप-प्रत्‍यारोप में उलझी रहती है। इससे व‍िकास कार्य प्रभाव‍ित होते हैं। पार्टी की रुच‍ि जनता से क‍िए वादों को पूरा करने में नहीं है। पार्टी अपना समय केवल केंद्र सरकार से वाद-व‍िवाद करने में ही नष्‍ट करती रहती है। केंद्र सरकार से तालमेल न होने के कारण जनह‍ित के कार्य नहीं हो पाते। जनता को जो सुव‍िधाएं प्रदान की जानी चा‍ह‍िए, वह उसे नहीं म‍िल पाती हैं। गहलोत ने पत्र में यमुना सफाई का मुद्दा भी उठाया। उन्‍होंने कहा क‍ि जनता से वादा करने के बावजूद दस साल में भी हमारी सरकार इस द‍िशा में कोई सार्थक कदम नहीं उठा सकी। द‍िल्‍ली में यमुना की हालत बद से बदतर ही होती गई। दस सालों में प्रदूषण कम होने की बजाय बढ़ता ही गया। हम जनता से क‍िए वादे को पूरा नहीं कर पाए। उन्‍होंने ल‍िखा क‍ि प‍िछले व‍िधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्‍यमंत्री व आप संयोजक अरव‍िंंद केजरीवाल ने जनता से वादा क‍िया था क‍ि पांच साल में यमुना इतनी साफ हो जाएगी क‍ि हम उसमें स्‍नान भी कर सकते हैं। लेक‍िन ऐसा नहीं क‍िया जा सका।  हमारी सरकार ऐसा करने में असफल रही।

कैलाश गहलोत ने केजरीवाल को ल‍िखे पत्र में रिनोवेशन के नाम पर मुख्‍यमंत्री आवास को शीश महल का रूप देने पर भी एतराज जताया। उन्‍होंने ल‍िखा क‍ि सरकार बनाते समय हमने जनता से सादगी का वादा क‍िया था। लेक‍िन सरकार में आते ही पार्टी का चाल, चर‍ित्र व चेहरा ही बदल गया। जनता की गाढ़ी कमाई के करोड़ों रुपये शीश महल पर खर्च कर द‍िए गए। जन धन का इस तरह दुरुपयोग उच‍ित नहीं है। यह जनता के साथ मजाक है। इसी प्रकार गहलोत ने पत्र में कुछ और मुद्दों को उठाते हुए भरे मन से पार्टी काे छोड़ने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *