कैलाश गहलोत के इस्तीफे पर आप नेता संजय सिंह ने दी प्रतिक्रिया, साथ बीजेपी पर साधा निशाना
दिल्ली की आप सरकार में मंत्री पद पर रहे कैलाश गहलोत ने दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले ही आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और दिल्ली मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया है। जिससे सियासी बवाल मच गया है। एक ओर कयास लगाया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से पहले गहलोत बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। वहीं दूसरी ओर आप नेता संजय सिंह ने गहलोत के इस्तीफे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
संजय सिंह ने बिना किसी का नाम लिए और बीजेपी पर निशाना साधते हुए गहलोत के इस्तीफे पर कहा, “जो-जो बीजेपी के साथ आ जाते हैं, वो लोग एकदम साफ जो जाते हैं। मोदी वॉशिंग पाउडर।”
संजय सिंह ने गहलोत के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया उस समय पर दी, जब आम आदमी पार्टी के सूत्रों से यह कहा जा रहा था कि कैलाश गहलोत ईडी और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के निशाने पर थे। उनके ऊपर ईडी और आईटी की कई रेड हो चुकी हैं। ऐसे में आप नेताओं का दावा है कि इसी वजह से कैलाश गहलोत ने पार्टी छोड़ी और अब वह बीजेपी में जा सकते हैं।
संजय सिंह ने बीजेपी पर साधा निशाना
संजय सिंह ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, “कैलाश गहलोत का इस्तीफा भारतीय जनता पार्टी की घिनौनी राजनीति और षड्यंत्र का हिस्सा है। बीजेपी और मोदी सरकार ने उनके ऊपर ईडी के छापे मारवाए, उनको ईडी के दफ्तर में पूछताछ के लिए बुलाया, मानसिक रूप से प्रताड़ित किया उनके घर पर इनकम टैक्स ने कई बार छापे मारे। इसी बीजेपी ने उनके ऊपर एक सौ बारह करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया था। उनके ऊपर दवाब बनाया गया जिसकी वजह से कैलाश गहलोत ने ऐसा फैसला लिया है। सजंय सिंह ने कहा कि उनके पास बीजेपी में जाने के अलावा कोई रास्ता बचा नहीं था। पांच साल तक वो सरकार का हिस्सा रहे और भारतीय जनता पार्टी उनसे जो कहलवाना चाह रही है वो उनसे कहलवा रही है।”
