Headlines

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने झारखंड में जेएमएम और कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा बांग्लादेशी घुसपैठियों को शरण दी है

Spread the love

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को झारखंड में तीन रैलियों को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के सत्तारूढ़ गठबंधन के दो मुख्य घटकों- झारखंड मुक्त मोर्चा (जेएमएम) और कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। जेपी नड्डा ने दावा किया कि एक ख़ुफ़िया रिपोर्ट के मुताबिक झारखंड में जेएमएम के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने बांग्लादेशी घुसपैठियों को मदरसों में शरण दी है और इस साथ उन्हें यह सुनिश्चित किया है कि उन्हें जमीन और आधारकार्ड जैसे सरकारी दस्तावेज मिलें। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गाँधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ओबीसी चैंपियन बनाना चाहते हैं। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि सोनिया गाँधी की अध्यक्षता वाले सामाजिक सेवा संगठन राजीव गाँधी फाउंडेशन और पिछली यूपीए सरकार से सम्बन्ध राष्ट्रिय सलाहकार समिति में कितने ओबीसी सदस्य रहे।

झारखंड की सोरेन सरकार पर साधा निशाना

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बोकारो जिले के गोमिया में रैली को सम्बोधित करते हुए एक कागज दिखाया और दावा किया,  ‘‘अभी मुझे खुफिया रिपोर्ट मिली है। उसमें कहा गया है कि यहां (राज्य में) बांग्लादेशी घुसपैठियों को मदरसों में शरण दी जाती है। उनके लिए आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, गैस कनेक्शन एवं राशन कार्ड हासिल करना आसान बनाया गया। जेएमएम सरकार उनके लिए जमीन सुनिश्चित करती है।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘हेमंत सोरेन ने झारखंड के ‘जल, जंगल, जमीन’ को लूटा। राज्य में बड़े पैमाने पर घुसपैठ हो रही है। घुसपैठिये आदिवासी महिलाओं से शादी कर रहे हैं और उनकी जमीन हड़प रहे हैं। हम यह सुनिश्चित करने के लिए कानून लाएंगे कि उनकी (घुसपैठियों की) संतानें जमीन से वंचित हों। केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली बीजेपी सरकार ही घुसपैठ रोक सकती है।’’

आरक्षण के मुद्दे पर राहुल गाँधी को घेरा

जेपी नड्डा ने आरक्षण के मुद्दे पर राहुल गाँधी को घेरते हुए कहा कि राहुल गाँधी खुद को ओबीसी चैंपियन के रूप में पेश करना चाह रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस कार्यसमिति, राजीव गांधी फाउंडेशन और उनकी मां सोनिया गांधी की अध्यक्षता वाली राष्ट्रीय सलाहाकार समिति में कितने ओबीसी सदस्य रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंत्रिमंडल में 27 ओबीसी मंत्री हैं।’’

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार ओबीसी, आदिवासियों, अनुसूचित जातियों को मुख्यधारा में ला रही है। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, ‘‘केंद्र में बीजेपी सरकार ने बुनियादी ढांचे को बढ़ाने के लिए 19 लाख करोड़ रुपये खर्च किए और इस पर 10 लाख करोड़ रुपये और खर्च करेगी।’’ उन्होंने कहा कि झारखंड में पांच चिकित्सा महाविद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं और प्रधानमंत्री मोदी ने प्रत्येक के लिए 250 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *