Headlines

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर पीएम मोदी ने दी बधाई, कहा विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में एक बड़ी प्रेरणा

Spread the love

आज 11 जनवरी से अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ से जुड़े समारोह की शुरुआत हो गयी है। इस अवसर पर रामलला के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे हैं। पहली वर्षगांठ समारोह की शुरुआत यजुर्वेद के पाठ से हुयी। दोपहर में रामलला की भव्य आरती के बाद रामलला को छप्पन भोग लगाया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने बधाई दी।

प्रधानमंत्री ने अपने बधाई सन्देश में कहा

राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री ने बधाई देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ‘‘अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ पर समस्त देशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। सदियों के त्याग, तपस्या और संघर्ष से बना यह मंदिर हमारी संस्कृति और अध्यात्म की महान धरोहर है। मुझे विश्वास है कि यह दिव्य-भव्य राम मंदिर विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में एक बड़ी प्रेरणा बनेगा।’’

गृहमंत्री अमित शाह ने दी रामभक्तों को शुभकामनाएं

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुभकामनाएं देते हुए एक्स पर कहा, “अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ की सभी रामभक्तों को हार्दिक शुभकामनाएं। प्रभु राम का जीवन मानवता और नैतिकता का अनुपम उदाहरण है। 500 वर्षों की प्रतीक्षा को समाप्त करते हुए, बीते साल पीएम मोदी ने अयोध्या में प्रभु रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा कर पूरे देश में आध्यात्मिक चेतना का पुनर्जागरण किया। यह भव्य मंदिर सदियों तक देशवासियों की आस्था और आकांक्षा का प्रतीक बना रहेगा। राम जन्मभूमि आंदोलन में योगदान देने वाले सभी महानुभावों का स्मरण कर उनका आभार व्यक्त करता हूं। मोदी सरकार सांस्कृतिक विरासतों के पुनरोत्थान की दिशा में समर्पित भाव से कार्य करती रहेगी।”

आम लोग शामिल होंगे समारोह में

रामलला मंदिर ट्रस्ट के अनुसार 11 जनवरी से 13 जनवरी तक चलने वाले इस समारोह में आम लोग भी शामिल होंगे। जो पिछले साल हुए प्राण प्रतिष्ठा के ऐतिहासिक समारोह में शामिल नहीं हो पाए थे। साथ ही करीब 110 आमंत्रित वीआईपी भी इस समारोह में शामिल होंगे। बता दें कि पिछले साल 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूदगी में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुयी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *