प्रधानमंत्री ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस को सम्बोधित किया, कहा 2014 कोई तारीख नहीं बदलाव है
नयी दिल्ली में आयोजित इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) को सम्बोधित किया। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने पिछली यूपीए सरकार पर निशाना साधा और एनडीए सरकार के कार्यकाल की तारीफ करते हुए कहा कि 2014 कोई तारीख नहीं, यह ‘बदलाव’ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले एक साल में मोबाइल और ब्रांडबैंड की स्पीड तीन गुना बढ़ गयी है। उन्होंने कहा 2जी के दौरान क्या हुआ था मैं उस बात का कोई जिक्र नहीं करना चाहता वरना वही खबर बन जाएगी। हमारी सरकार के कार्यकाल में 4जी का विस्तार हुआ और कोई भी दाग नहीं लगा। प्रधानमंत्री ने पूर्व यूपीए सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा, “उस समय की सरकार हैंग वाले मोड में थी। हालत यह थी कि रीस्टार्ट करने का भी कोई फायदा नहीं होता था। न हीं बैटरी चार्ज करने से और न ही बैटरी बदलने से कोई फायदा हुआ था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश ने आउटडेटेड सरकार को छोड़ दिया। प्रधानमंत्री ने कहा, “तब हम मोबाइल फोन के इंपोर्टेर होते थे आज हम मोबाइल फोन एक्सपोर्ट करते हैं। भविष्य यही है और अभी है। भारत में सबसे तेजी से 5जी मोबाइल सेवाएं शुरू की गईं, एक साल के भीतर चार लाख 5जी बेस स्टेशन स्थापित किए गए हैं। भारत मोबाइल ब्रॉडबैंड स्पीड में 118वें स्थान से अब 43वें स्थान पर पहुंच गया है।
6जी का भी जिक्र किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6जी का जिक्र करते हुए कहा कि भारत 6जी में भी अग्रणी भूमिका निभाएगा। पूंजी, संसाधनों और प्रौद्योगिकी तक पहुंच सरकार की प्राथमिकता है। दुनिया ‘मेड इन इंडिया’ फोन का इस्तेमाल कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले नौ वर्षों में आए उन बदलावों पर यह बात कही, जिन्होंने देश को आयातक से निर्यातक बना दिया है।
