राजनाथ सिंह के बयान कांग्रेस की सरकारों ने संविधान में सबसे ज्यादा बदलाव किये पर अशोक गहलोत ने किया पलटवार
केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के बयान कांग्रेस की सरकारों ने संविधान में सबसे ज्यादा बदलाव किये, ताकि विरोधियों को दबाया जा सके। रक्षामंत्री के इस बयान पर अब राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने पलटवार करते हुए कहा, “कई सरकारें बदली हैं। बदलाव और संविधान संशोधन तो होते आए हैं लेकिन संविधान पर जो खतरा मंडरा रहा है उसमें फर्क है। आज संविधान बचाओ दिवस मनाया जा रहा है तो यह स्थिति क्यों पैदा हुई?”
अशोक गहलोत ने आगे कहा, “संविधान संशोधन के समय में कुछ तो ऐसी प्रक्रियाएं अपनाई गई होंगी। अगर ये लोग प्रक्रिया पूरी करते तो कई बड़े इश्यू होते हैं, जिन्हें पब्लिक डोमेन में लाना पड़ता है। राष्ट्रीय बहस होती है, उसके बाद सरकार फैसला करती है कि जनता का रुख क्या है। ये इन सब से हटकर शार्टकट के माध्यम से कैबिनेट से पास करवाए। इसलिए जनता में अविश्वास पैदा हो गया।”
लोकसभा चुनाव का मुद्दा बना–गहलोत
यही लोकसभा चुनाव का मुद्दा बना था। इन्होंने जो समय-समय पर ब्लंडर किए, उसके कारण इश्यू बना। अब ये बार-बार खुद ही संविधान का नाम ले रहे हैं। यह नौबत ही क्यों आई। राजनाथ सिंह ने क्या कहा, पंडित नेहरू के जमाने में और उसके बाद लगातार हम देख रहे हैं कि संशोधन होते रहते हैं। इन्होंने विपक्ष को दबाने का आरोप लगाया है। यह तो इनके वक्त में ऐसी स्थिति बनी है। पहले ऐसा कभी नहीं होता था।
गहलोत ने कहा, “पंडित नेहरू जैसा व्यक्तित्व, जो एक महापुरुष के रूप में थे। उनके बारे में जो कमेंट करते हैं, अब उनसे क्या उम्मीद करें। संविधान कोई एक दिन में नहीं बना है। आजादी के बाद देश में महापुरुषों द्वारा जो-जो भावना प्रकट की गई। उनकी भावनाओं का निचोड़ संविधान में शामिल किया गया है। इसलिए आज जब हम कहते हैं कि लोकतंत्र खतरे में है। संविधान के तहत जो संस्थाएं बनी हुई हैं अगर इन्हें कमजोर किया जा रहा है, वो दबाव में काम कर रही हैं, तो ये भी संविधान को बदलने की तरह ही है।”
बीजेपी का गहलोत पर पलटवार
बीजेपी सांसद सीपी जोशी ने अशोक गहलोत पर पलटवार करते हुए कहा, “कांग्रेस के पास कहने के लिए बहुत कुछ ज्यादा नहीं है। महात्मा गांधी के कामों, सिद्धांतों और उनके दिए हुए संदेशों को आगे बढ़ाने का जो काम पीएम मोदी की सरकार ने किया है वो किसी और सरकार ने नहीं किया। कांग्रेस को गांधी परिवार के आगे कुछ दिखाई देता है या नहीं? आपने(कांग्रेस) सरदार पटेल, लाल बहादुर शास्त्री को कभी याद नहीं किया। संविधान और संविधान निर्माताओं के संविधान निर्माण की बात को सिरमौर बनाकर बीजेपी काम करती है और कांग्रेस के लोग इसे दिखावे के तौर पर जेब में लेकर घूमते हैं। इसलिए कांग्रेस के लोगों को इसमें सीख देने की जरूरत नहीं है।”

