भारत और इंग्लैंड के बीच कोलकत्ता में पहला टी20 मैच आज, 4 स्टार खिलाडियों को नहीं मिली प्लेइंग इलेवन में जगह
भारत और इंग्लैंड के बीच आज से पांच मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत होने जा रही है। इस सीरीज का पहला टी20 मैच आज कोलकत्ता के ईडेन गार्डन स्टेडियम में खेला जायेगा। भारतीय समयानुसार शाम सात बजे मैच शुरू होगा। इस मैदान पर इंग्लैंड की टीम का रिकॉर्ड काफी दमदार है। ऐसे में कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव को बहुत सूझबूझ के साथ प्लेइंग इलेवन का चयन करना होगा।
चार स्टार खिलाडियों को टीम में जगह नहीं
इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले पहले टी20 मैच में रिंकू सिंह को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलना मुश्किल लग रहा है। इसका का कारण यह है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में रिंकू सिंह का बल्ला नहीं चला था। उस सीरीज में रिंकू सिंह के बल्ले से सिर्फ 28 रन आये थे। रिंकू सिंह की जगह आलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी को टीम में शामिल किया जा सकता है। जो मिडिल ऑर्डर में विस्फोटक बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी भी कर सकते हैं। रिंकू सिंह के अलावा युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा को भी मौका मिलना मुश्किल है। वह लंबे समय से डेब्यू के इंतजार में हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल और स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर को भी बेंच पर ही बैठना पड़ सकता है। टीम में इस समय कई आलराउंडर खिलाडी हैं। ऐसे में इन युवा प्रतिभाओं को अभी बेंच पर ही बैठना पड़ सकता है।
इन खिलाडियों की जगह पक्की
पहले टी20 मैच में इन खिलाडियों की टीम में जगह लगभग पक्की है। तीन नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए दो शतक लगाने वाले तिलक वर्मा, ओपनिंग करते हुए तीन शतक लगाने वाले संजू सैमसन, विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, कप्तान सूर्यकुमार यादव, ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल की टीम में जगह पक्की है। इसके अलावा गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और मोहम्मद शमी की जगह टीम में पक्की है।
