सोनिया गाँधी से मुलाकात के बाद राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने राजस्थान में टिकट बटवारे को लेकर किया बड़ा एलान
राजस्थान में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं लेकिन कांग्रेस ने अभी तक प्रत्याशियों की कोई भी सूची जारी नहीं की है। इसको लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि अभी तो प्रक्रिया शुरू हुयी है मुझे लगता है कि 18 अक्टूबर के आसपास जब सीईसी की मीटिंग शुरू होगी तभी सूची पर अंतिम फैसला होगा।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोनिया गाँधी से मुलाकात को लेकर कहा कि मैं यहाँ शिष्टाचार मुलाकात के लिए आया हूँ। लंबे समय तक वह अध्यक्ष रही हैं। जो कुछ आज हम लोग यहां पहुंचे हैं, उनके विश्वास की बदौलत पहुंचे हैं। जब कभी दिल्ली आते हैं और मौका मिलता है तो शिष्टाचार मुलाकात जरूर करते हैं।
हमारी सरकार ने राज्य में बहुत काम किया है
दिल्ली से राजस्थान रवाना होने के लिए जब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एयरपोर्ट पर पहुंचे तो वहां उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत की। मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम चाहते हैं कि सोनिया गाँधी प्रचार करने के लिए आएं। हमलोगों ने राजस्थान में बहुत काम किया है। हमारी योजनाएं बहुत अच्छी हैं। हमारा एक कदम महंगाई को रोकने वाला है। कांग्रेस सरकार का हर कदम इस बात का ध्यान रखते हुए उठाया जा रहा है कि महंगाई के जमाने में कैसे बचत हो सके, महंगाई के बीच कैसे बच्चों का सही से ध्यान रखा जा सके। इस प्रकार से हमने बचत करने का प्रयास किया है और जनता के फीडबैक के अनुसार हम इसमें कामयाब भी हो रहे हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आगे कहा कि जब सरकार बदलती है तो सारी योजनाएं बंद हो जाती हैं। सरकार बदलने से नुकसान होता है।
