नौकरी के बदले जमीन मामले में लालू प्रसाद यादव के परिवार को ईडी ने भेजा समन, राजेडी ने सीएम पर की टिप्पणी
नौकरी के बदले जमीन घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी रावडी देवी और बेटे तेज प्रताप यादव को समन जारी किया है। ईडी ने राबड़ी देवी और तेज प्रताप यादव को आज 18 मार्च को पटना स्थित कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया है, जबकि लालू प्रसाद यादव को 19 मार्च को पेश होने के लिए कहा गया है।
यह मामला 2004 से 2009 के बीच लालू प्रसाद यादव के रेल मंत्री कार्यालय के दौरान का है। जब आरोप है कि रेलवे में ग्रुप-डी पदों पर नियुक्तियों के बदले उम्मीदवारों से उनके परिवार या सहयोगियों के नाम पर जमीन हस्तांतरित करवाई गई थी। सीबीआई ने 18 मई 2022 को लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी, दो बेटियों, अज्ञात सरकारी अधिकारीयों और कुछ निजी व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
आज की पूछताछ के लिए राबड़ी देवी और तेज प्रताप यादव पटना स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे हैं। इससे पहले 29 जनवरी को ईडी ने लालू प्रसाद यादव से 10 घंटे तक पूछताछ की थी और 30 जनवरी को तेजस्वी यादव से भी 8 घंटे तक पूछताछ हुयी थी। इस मामले में अब तक 30 आरोपियों के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति मिल चुकी है और जाँच एजेंसियां मामले की तह तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
आरजेडी ने सीएम नितीश पर की टिप्पणी
बिहार में चुनाव है और ऐसे में लालू परिवार पर ईडी की ओर से मिले समन पर आरजेडी की ओर से प्रतिक्रिया आई है। आरजेडी के विधायक मुकेश रोशन ने कहा कि लालू परिवार को ईडी का समन नीतीश कुमार के लिए मैसेज है कि इधर-उधर होइएगा तो आप पर भी कार्रवाई होगी। नीतीश कुमार को रोकने के लिए यह किया गया है। इसके लिए हमारे नेता लालू को मोहरा बनाया जा रहा है। नीतीश डरे हुए हैं और बीजेपी उन पर प्रेशर पॉलिटिक्स कर रही है। जब चुनाव आता है बीजेपी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष को डराती है। लालू परिवार डरने वाला नहीं है।
