May 19, 2026

News Critic

Latest News In Hindi

बिहार चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी का बड़ा ऐलान, संजय सिंह ने बीजेपी पर साधा निशाना

बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने राजनीतिक मैदान में उतरने का ऐलान किया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह इन चुनावों में अपने प्रत्याशी उतारेगी और पूरे दमखम से मुकाबला करेगी।

मंगलवार, 17 जून को पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह पटना पहुंचे और पत्रकारों से बातचीत के दौरान इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आप बिहार विधानसभा चुनाव मजबूती से लड़ेगी। हालांकि, किन सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए जाएंगे, इसका फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व और राज्य इकाई मिलकर करेंगे।

बीजेपीजेडीयू गठबंधन पर हमला

संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के गठबंधन को निशाने पर लेते हुए कहा कि बिहार में सुशासन के नाम पर सिर्फ दिखावा किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “हर दिन सुशासन की असलियत सामने आ रही है। जनता का विश्वास उठता जा रहा है।”

संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेताओं पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर तो वो बिहार में आकर लोगों से प्रेम जताते हैं, वहीं दूसरी ओर दिल्ली में बिहार के लोगों को अपमानित किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में भाजपा शासित निकायों द्वारा बिहार और यूपी से आए लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं, जबकि वे लोग दशकों से वहीं रह रहे हैं।

दिल्ली में बिहारी समुदाय के साथ अन्याय का आरोप

आप सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा नेताओं ने बिहार, उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल के लोगों को ‘बांग्लादेशी’ कहकर उनका अपमान किया था। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को संसद में भी उठाया था और अब बिहार की जनता से अपील करते हैं कि जो पार्टी दिल्ली में बिहारियों को भगाने का काम करती है, उसे अब बिहार से बाहर का रास्ता दिखाया जाए।

बिहार में संगठन विस्तार की कोशिश

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी का बिहार में अभी कोई बड़ा जनाधार नहीं है, लेकिन पार्टी इन दिनों राज्य में अपना संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने में लगी हुई है। पार्टी की नजर बिहार के युवाओं और शहरी मतदाताओं पर है जो बदलाव की चाह रखते हैं।

संजय सिंह ने कहा कि पार्टी अपने सिद्धांतों और नीतियों के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ‘आप’ अकेले चुनाव लड़ती है या किसी गठबंधन के साथ।

हादसों पर जताई चिंता

संजय सिंह ने हाल ही में देश में हुए हादसों पर चिंता जताते हुए कहा कि देश में इंसानी जान की कोई कीमत नहीं रह गई है। उन्होंने कहा कि रेल हादसों में, अहमदाबाद प्लेन क्रैश में और हेलिकॉप्टर दुर्घटनाओं में लगातार लोगों की जानें जा रही हैं, लेकिन सरकार की ओर से सिर्फ औपचारिक बयान दिए जाते हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि अगर राजनीति नहीं होनी चाहिए, तो फिर सरकार दोषियों पर कार्रवाई क्यों नहीं करती? उन्होंने मांग की कि इन घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के इस ऐलान ने राज्य की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। संजय सिंह के तीखे बयानों और भाजपा पर लगाए गए आरोपों से साफ है कि ‘आप’ बिहार में एक मजबूत विकल्प के तौर पर खुद को स्थापित करने की कोशिश कर रही है। अब देखना होगा कि जनता पार्टी के दावों पर कितना भरोसा करती है और आने वाले समय में उसका कितना असर दिखाई देता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *