Headlines

लेह के केरी में सेना का ट्रक खाई में गिरा, हादसे में 9 जवानों के शहीद होने की खबर

Spread the love

लेह के केरी में सेना का एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर है। लेह के पास मौजूद केरी गांव में शनिवार 19 अगस्त को शाम 6 बजे सेना का एक ट्रक खाई में गिर गया। इस हादसे में सेना के 9 जवान शहीद हो गए। जबकि कई जवान घायल हैं।

लद्दाख के रक्षा अधिकारी ने बताया कि केरी शहर से 7 किमी दूर एक दुर्घटना में भारतीय सेना के 9 जवानों की जान चली गई जब उनका वाहन खाई में गिर गया। घटना में कई अन्य घायल हैं। सैनिक कारू गैरीसन से लेह के पास केरी की ओर बढ़ रहे थे। दुर्घटना में कई सैनिकों को चोटें भी आई हैं। घायल हुए जवानों को तुरंत ही अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। दुर्घटना के कारण का अभी पता नहीं लग पाया है। अभी घटना से जुड़ी अन्य जानकारी नहीं मिली हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे पर जताया दुःख

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा, “लेह के पास एक दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की मौत से दुखी हूं। हम अपने राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल कर्मियों को फील्ड अस्पताल ले जाया गया है।  उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। ”

कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट कर जताया दुःख

वहीं कांग्रेस पार्टी ने भी ट्वीट कर कहा, “लेह में सेना की गाड़ी खाई में गिरने से 9 जवानों के शहीद होने की दुखद सूचना मिली है। ईश्वर पुण्यात्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को यह पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें।  इस कठिन घड़ी में हम सभी आपके साथ खड़े हैं। ”

राहुल गाँधी ने हादसे पर जताया दुःख

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस हादसे को लेकर ट्वीट कर दुःख जताया। उन्होंने कहा, “लद्दाख में सेना की गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण हमारे कई जवानों की शहादत की न्यूज अत्यंत दुखद है। सभी शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। जवानों के शोकाकुल परिवारजनों को मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। “

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *