बिहार में गुरुवार को लाठीचार्ज के दौरान बीजेपी नेता की मौत, बीजेपी विधायकों का प्रदर्शन, बीजेपी नेता की मौत पर डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने दी अपनी प्रतिक्रिया
बिहार में गुरुवार को प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज में बीजेपी के नेता की मौत हो गयी। जिसके बाद से बिहार में सियासी घमासान शुरू हो गया है। बीजेपी ने अपने नेता की मौत को हत्या बताया है। आज जैसे ही विधानसभा मानसून सत्र की कार्यवाही शुरू हुयी बीजेपी के विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। बीजेपी के विधायक संजय सिंह टेबल पर चढ़ गए। उसके बाद मार्शलों ने संजय सिंह को सदन ने बाहर कर दिया।
बीजेपी विधायकों ने किया सदन में हंगामा
दरअसल कल पटना में प्रदर्शन कर रहे बीजेपी के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज और बीजेपी नेता विजय कुमार सिंह की मौत के विरोध में बीजेपी आज काला दिवस मना रही है। बीजेपी के विधायक आज सदन में काला गमछा पहन कर आये। उन्होंने सदन में काले गमछे लहराए और जमकर हंगामा किया। इसके बाद स्पीकर को विधानसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी। बीजेपी विधायकों के हाथों में तख्तियां दिखाई दी जिन पर लिखा था नितीश सरकार इस्तीफा दो, गुंडागर्दी ख़त्म करो, दमनकारी सरकार इस्तीफा दो, चार्टशीटेड उपमुख्यमंत्री इस्तीफा दो।
आखिर क्या हुआ गुरुवार को
बीजेपी द्वारा गुरुवार को विधानसभा तक मार्च का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। गाँधी मैदान से बड़ी संख्या में बीजेपी के कार्यकर्त्ता प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ रहे थे। प्रदर्शनकारियों को जेपी गोलम्बर के पास प्रशासन ने रोकने का प्रयास किया। लेकिन वे नहीं रुके और आगे बढ़ते गए। इसके बाद प्रशासन द्वारा प्रदर्शनकारियों को डाकबंगला चौराहे पर रोकने के लिए बेरिकेटिंग की गयी लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरेकेटिंग को तोड़ दिया। इसके बाद डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। बीजेपी ने दावा किया है कि इसी लाठीचार्ज में बीजेपी नेता विजय कुमार की मौत हुयी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तेजस्वी यादव ने दी अपनी प्रतिक्रिया
बिहार में लाठीचार्ज में हुयी बीजेपी नेता की मौत पर बिहार की राजनीती में बवाल मचा हुआ है। बीजेपी ने नितीश कुमार की सरकार पर बदले की भावना से कार्यवाही का आरोप लगाया है। इस आरोप का जवाब देते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि कोई भी कार्यवाही बदले की भावना से नहीं कराई गयी है। तेजस्वी यादव ने शिक्षक मामले पर भी कहा कि सीएम नितीश कुमार ने सभी लोगो को बुलाकर चर्चा करने की बात कही है।
