क्रिकेट विश्व कप के सेमी फाइनल में भारत की जीत पर राजनेताओं ने दी टीम को बधाइयाँ
बुधवार को हुए विश्व कप के सेमी फाइनल में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 70 रन से हराकर विश्व कप के फाइनल में प्रवेश किया। भारतीय टीम को मिली इस जीत पर देश के राजनेताओं ने ख़ुशी जाहिर करते हुए भारतीय टीम को बधाइयाँ दी।
प्रधानमंत्री ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारतीय टीम को बधाई देते हुए लिखा, “भारत ने शानदार प्रदर्शन किया और शानदार अंदाज में फाइनल में प्रवेश किया। शानदार बल्लेबाजी और अच्छी गेंदबाजी ने हमारी टीम के लिए मैच पक्का कर दिया। फाइनल के लिए शुभकामनाएँ !”
योगी आदित्यनाथ ने कहा
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “ऐतिहासिक विजय। न्यूजीलैंड पर भारत की ‘विराट’ विजय की सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई ! इस शानदार जीत से त्योहारों की बेला को और अधिक उल्लासपूर्ण बनाने वाली भारतीय क्रिकेट टीम के हर खिलाड़ी का हृदयतल से अभिनंदन ! फाइनल के लिए शुभकामनाएं !”
अरविंद केजरीवाल ने कहा
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने भारतीय टीम की जीत पर ख़ुशी जताते हुए कहा, “न्यूजीलैंड के ख़िलाफ़ 70 रन की शानदार जीत के साथ विश्व कप के फाइनल में पहुंचने पर टीम इंडिया, क्रिकेट प्रेमियों और सभी देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई। विश्व कप की ट्रॉफी अब बस एक जीत दूर है। रविवार को वो ट्रॉफी हमारी होगी।”
अखिलेश यादव ने कहा
यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “इंडिया की शानदार जीत और विश्व कप के फ़ाइनल में प्रवेश करने पर हार्दिक बधाई! देश की जीत में विराट कोहली की शानदार बैटिंग और मोहम्मद शमी की ऐतिहासिक बॉलिंग और पूरी टीम इंडिया की एकजुटता के लिए विशेष बधाइयां और फ़ाइनल के लिए शुभकामनाएं! जीतता रहेगा इंडिया!”
राहुल गाँधी ने दी बधाई
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और नेता राहुल गाँधी ने भारतीय टीम की तारीफ करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “शाबाश, टीम इंडिया! पूरे खेल में टीम वर्क और कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन। विराट, अविश्वसनीय उपलब्धि के लिए बधाई। कप ले आओ लड़कों!”

