राहुल गाँधी ने कहा पीएम मोदी को मुझसे चिढ़ क्यों, फिर स्वयं बताई वजह
कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुझसे चिढ़ क्यों है। उन्होंने आगे कहा कि इसकी वजह यह है कि वह जितना पैसा अडानी को देते हैं, मैं उतना पैसा गरीबों को देने वाला हूँ। वो इस राजनीती से चिढ़ते हैं। राहुल गाँधी बिजनेसमैन गौतम अडानी को लेकर हमेशा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते रहे हैं। राहुल गाँधी हमेशा कहते रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिजनेसमैन गौतम अडानी को फायदा पहुंचाया है।
दरअसल राहुल गाँधी ने अपने व्हाट्सएप चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसका टाइटल रखा गया है, “क्यों चिढ़े हो मोदी जी?” यह पूरा वीडियो एक मिनट बीस सेकंड का है। इस वीडियो के आधे हिस्से में पीएम मोदी का एक भाषण है और बाकी के आधे हिस्से में राहुल गाँधी का वीडियो है। इस वीडियो को राहुल गाँधी ने व्हाट्सएप चैनल पर शेयर करते हुए बताया है कि पीएम मोदी राहुल गाँधी से क्यों चिढ़ते हैं।
क्या है वीडियो में
वीडियो की शुरुआत पीएम मोदी के एक भाषण से होती है। जिसमे पीएम मोदी कहते हैं कि “कांग्रेस अब सातवें आसमान पर उड़ रही है, हवा में उड़ रही है। मैंने सुना कि कल कांग्रेस के एक महाज्ञानी कह रहे थे कि भारत के लोगों के पास मेड इन चाइना मोबाइल फोन होता है।” इसके बाद राहुल गाँधी के भाषण का हिस्सा शुरू होता है। जिसमे राहुल गाँधी कहते हैं, “पीएम मोदी यहां आते हैं, मेरे बारे में गलत बातें कहते हैं। मुझे गाली देते हैं और उल्टी-सीधी बातें करते हैं। लेकिन मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है।”
राहुल गाँधी आगे कहते हैं, “देखिए मैंने आपको अपना लक्ष्य पहले ही बता दिया है। मुझे वह कुछ भी कहें, मुझे फर्क नहीं पड़ता है। मेरा लक्ष्य है कि पीएम मोदी जितना पैसा अडानी को देते हैं, मैं उतना गरीबों को देने वाला हूं। मैं आपको दिखाऊंगा कि असली राजनीति अरबपतियों को मदद करने से नहीं होती है। असली राजनीति किसानों, गरीबों, छोटे व्यापारियों, बेरोजगारों की मदद करने से होती है। मैं आपको दिखा दूंगा, आपको जो बोलना है बोलते रहिए।” राहुल गाँधी आगे कहते हैं, “जितनी गाली मुझे दी जाती है, उससे मुझे मालूम चलता है कि मैं सही काम कर रहा हूं। पीएम मोदी को मुझसे चिढ़ मचती है, तभी वो मुझे गाली देते हैं। “
