न्यूजीलैंड के साथ टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की प्रेस कॉन्फ्रेंस
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज कल 16 अक्टूबर से शुरू होने जा रही है। कल पहला मैच बेंगलुरु में खेला जायेगा। जिससे पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड की टीम के खिलाफ पूरी तैयारी से उतरने का दावा किया। रोहित ने बताया कि उनका ध्यान विपक्षी टीम के बजाय अपने प्रदर्शन को बेहतर करने पर रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने जसप्रीत बुमराह को उपकप्तान बनाए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी।
भारतीय कप्तान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “अलग-अलग टीम हमारे सामने अलग-अलग चैलेंज पेश करती हैं। न्यूजीलैंड एक अलग टीम है और वो हमारे सामने एक नई चुनौती पेश करेगी, लेकिन हम उनके साथ काफी क्रिकेट खेले हैं। हम उनके प्लेयर्स, उनकी ताकत और कमजोरियों के बारे में जानते हैं। हमारा ध्यान पिछली शृंखलाओं से बेहतर प्रदर्शन करने पर रहेगा। हमारे सामने टीम कोई भी आ जाए, लेकिन हमें खुद को बेहतर करने पर ध्यान देना है। हमारा टारगेट यही है कि हम पिछली सीरीज से सबक लेकर और भी अच्छा प्रदर्शन करें।”
बुमराह के उपकप्तान बनने पर दिया बयान
न्यूजीलैंड के साथ इस टेस्ट सीरीज में बुमराह को भारतीय टीम का उपकप्तान बनाया गया है। रोहित शर्मा ने जसप्रीत बुमराह को लेकर कहा कि उन्हें उपकप्तान बनाया जाना मैनेजमेंट के लॉन्ग-टर्म लीडरशिप रोल प्लान में से एक है। उन्होंने बताया कि बुमराह ने अभी से युवाओं को मेंटॉर करते हुए उनके साथ अपना अनुभव साझा करना शुरू कर दिया है। रोहित शर्मा ने आगे कहा कि जरूरत पड़ने पर बुमराह भारतीय टीम की कमान संभालने की काबिलियत रखते हैं। भारत ने हाल ही में बांग्लादेश को टेस्ट सीरीज में 2-0 से मात दी है। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज भी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की दृष्टि से अहम रहने वाली है।
