यूपी के बस्ती में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा पाकिस्तान तो पस्त पड़ गया, यूपी की 80 सीटों पर खिलेगा कमल-सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए पहुंचे। उनके साथ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बस्ती पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसमुदाय को सम्बोधित करते हुए कहा कि बस्ती में उमड़ा जनसैलाब बता रहा है कि इस चुनाव की त्रिवेणी किधर बहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि इस देश में बहुत लोग हैं जिन्हें अपने बेटे का जन्मदिन याद नहीं है, अपनी शादी की तारीख याद नहीं है, लेकिन देश के बच्चे बच्चे को 22 जनवरी 2024 याद है। जब मैं 22 जनवरी बोलता हूँ तो देश बोलता है-जय श्री राम।
पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बना
प्रधानमंत्री ने अपने सम्बोधन में आगे कहा कि देश आज दुनियां की सबसे बड़ी पांचवी अर्थव्यवस्था बन चुका है। आज वैश्विक स्तर पर भारत का कद बड़ा है, अब भारत वैश्विक मंचों पर बोलता है और दुनियां सुनती है। आज भारत फैसले लेता है और दुनियां साथ चलती है।
प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा आज पाकिस्तान पस्त पड़ा है। लेकिन उसके हमदर्द कांग्रेस और सपा वाले अब भारत को डराने में लगे हैं। ये लोग कहते हैं कि पाकिस्तान से डरो, उसके पास एटम बम है। क्यों डरे भारत? आज भारत में कांग्रेस की कमजोर सरकार नहीं है। मोदी की मजबूत सरकार है। आज का भारत घर में घुस कर मारता है।
यूपी में 80 सीटों पर खिलेगा कमल–सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा 4 जून को यूपी की 80 सीटों पर कमल खिलेगा। हम लोग आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा जब भी 400 सीटों की बात होती है तो कांग्रेस और सपा को चक्कर आने लगते हैं, क्योंकि ये दोनों पार्टी 400 सीटों पर चुनाव नहीं लड़ रही हैं। पांच चरण के चुनाव समाप्त हो चुके है 4 जून के परिणाम के बाद अब कोई संदेह नहीं रह जायेगा। चारों ओर एक ही नारा गूंज रहा है फिर एक बार मोदी सरकार। चाहें जितना भी जोर लगा लें आयेंगें तो मोदी ही।
