Headlines

मध्यप्रदेश में आज विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग, वोटिंग के बीच झड़प की खबरें

Spread the love

मध्यप्रदेश में आज विधानसभा के लिए मतदान चल रहा है। पिछले दो महीने सभी पार्टियां विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी हुयी थी। आज राज्य के साढ़े पांच करोड़ से ज्यादा मतदाता चुनाव में खड़े ढाई हजार से ज्यादा उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। साथ ही साथ लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व में अपना योगदान दे रहे हैं।  पिछले दो महीने से सूबे की जनता अपने-अपने उम्मीदवारों को टटोलने में लगी है, तो वहीं राजनीतिक पार्टियां लगातार वोटर्स को लुभाने के प्रयास में जुटी हुई थी। आज उनकी किस्मत के फैसले के दिन है।

पीएम मोदी ने राज्य की जनता को दिया मैसेज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह सुबह प्रदेश की जनता से अपील की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “आज मध्य प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। मुझे विश्वास है कि राज्य के हर क्षेत्र के मतदाता पूरी गर्मजोशी से मतदान करेंगे और लोकतंत्र के इस महापर्व की रौनक बढ़ाएंगे। इस चुनाव में पहली बार वोट देने वाले राज्य के सभी युवाओं को मेरी विशेष शुभकामनाएं।”

वोटिंग के दौरान चले पत्थर

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में वोटिंग के दौरान हिंसा के इनपुट भी मिल रहे हैं।  सुबह-सुबह दिमनी विधानसभा के पोलिंग बूथ क्रमांक 147 और 148 पर पत्थरबाजी की घटना सामने आई। मुरैना से भी पत्थरबाजी की खबर मिली। दो गुटों के बीच हुई हिंसा में एक व्यक्ति को पत्थर लगा और गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के मुताबिक हिंसा पर काबू पा लिया गया, और स्थिति को सामान्य किया गया। इस घटना के बारे में बात करते हुए डीएसपी विजय सिंह भदौरिया ने बताया कि उन्हें सुबह-सुबह दो गुटों के बीच झड़प और पत्थरबाजी की जानकारी मिली थी। जानकारी मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और दोनों तरफ के लोगों को वहां से हटा दिया गया। इस झड़प में एक व्यक्ति के सिर पर चोट आई थी, लेकिन हालात अभी काबू में हैं। कुछ गांव वालों ने  गोली चलने की शिकायत की थी, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई।

महू क्षेत्र में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्त्ता भिड़े

वोटिंग के दौरान इंदौर के महू क्षेत्र में बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गयी। खबर है कि इस झड़प में तलवारों से हमला किया गया। इस झड़प में चार लोग घायल हो गए। महू विधानसभा क्षेत्र को डॉ. अंबेडकर नगर के नाम से भी जाना जाकता है। इस क्षेत्र की आबादी करीब 4 लाख है, जिसमें 2 लाख 60 हजार वोटर हैं। महू इलाके में 30 हजार मुसलमान वोटर्स हैं। यहां की शिक्षा की दर 85 फीसदी है। इस क्षेत्र को महू छावनी के नाम से भी जाना जाता है।

दोपहर एक बजे तक मध्य प्रदेश के 45.40 फीसदी मतदाताओं ने अपने मत का इस्तेमाल कर लिया है। सबसे ज्यादा वोटिंग बालाघाट में हुई है, यहां 54.47 फीसदी मतदाताओं ने वोटिंग की है। वहीं सबसे कम वोट राजधानी भोपाल में डाले गए हैं। दोपहर 1 बजे तक भोपाल में सिर्फ 32.83 फीसदी ही वोटिंग हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *