सीएम योगी बुधवार को 1,146 जूनियर असिस्टेंट को बांटेंगे नियुक्ति पत्र
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार, 11 नवंबर को युवाओं और किसान परिवारों को बड़ी सौगात दी। लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग के लिए चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों (जूनियर असिस्टेंट) को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
इन सभी अभ्यर्थियों का चयन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित युवाओं को राजस्व विभाग में अपनी सेवाएं देने का अवसर मिलेगा।
4,300 किसान परिवारों को 215 करोड़ रुपये की सहायता
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों के हित में भी महत्वपूर्ण घोषणा को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 लाभार्थी परिवारों को कुल 215 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता वितरित की।
इस योजना का उद्देश्य दुर्घटना में प्रभावित किसानों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। सहायता राशि सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया पर दिया जोर
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर चयन को सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को सरकारी नौकरियों में अवसर उनकी योग्यता के आधार पर मिलना चाहिए, न कि किसी सिफारिश या लेनदेन के जरिए।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और राजस्व राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने चयनित युवाओं को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस कार्यक्रम के जरिए प्रदेश सरकार ने एक ओर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और दूसरी ओर दुर्घटना से प्रभावित किसान परिवारों को आर्थिक सहायता देने पर जोर दिया।

