एमपी में अखिलेश यादव ने की रैली, कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना, गठबंधन तोड़ने का लगाया आरोप
कांग्रेस पार्टी के द्वारा सपा को विधानसभा चुनाव में सीट न देने के बाद सपा ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे हैं। अपने प्रत्याशियों का प्रचार स्वयं सपा मुखिया अखिलेश यादव कर रहे हैं। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की गुन्नौर सीट से सपा के प्रत्याशी अमिता बागरी के समर्थन में आयोजित जनसभा में अखिलेश यादव सपा प्रत्याशी के प्रचार के लिए पहुंचे। इस जनसभा में अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछड़ा दलित और आदिवासी गठबंधन ही इंडिया गठबंधन का भविष्य तय करेगा।
अखिलेश यादव ने जनसभा में आगे कहा कि कांग्रेस ने हमारे गठबंधन को तोड़ दिया है। शायद वह बुजुर्ग आदमी हैं, इसलिए वह भूल गए हैं वहीं बीजेपी की लाडली बहन योजना सहित कोरोना काल में लोगों के ऊपर आई मुसीबत का भी उन्होंने बखान किया। अखिलेश यादव ने अमिता बागरी के लिए समर्थन मंगाते हुए जनसभा में कहा कि आप अमिता बागरी को चुनाव में जिताइए। ये विधानसभा में विधायक बनकर आपके क्षेत्र की समस्या को उठाएंगी। सभा के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस ने हमारे इंडिया गठबंधन को तोड़ दिया है। शायद कमलनाथ बुजुर्ग नेता हैं वह भूल गए हैं। मैं उनकी बात नहीं करता लेकिन रही बात लोकसभा की तो पीडीए के साथ गठबंधन होकर चुनाव लड़ेंगे।
इस जनसभा में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा “हम लोगों ने वो इंतजाम किया कि आप फोन मिलाओ 10 मिनट में पुलिस पहुंचेगी और आपकी मदद करेगी। मध्य प्रदेश में कोई ऐसी व्यवस्था हो तो बताओ। मैंने पिछली सभा में पूछा कि अगर घटना हो जाए तो पुलिस कब पहुंचती है तो बताया कि अगर इस सुबह घटना हो तो अगली सुबह पुलिस पहुंचेगी।”
