Headlines

नया भारत आतंक पर नहीं करता कोई समझौता: सीएम योगी आदित्यनाथ

Spread the love

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आतंकवाद और उसे समर्थन देने वाले देशों के खिलाफ भारत सरकार की सख्त नीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नया भारत अब आतंकियों और उनके सरपरस्तों को बख्शने वाला नहीं है। अगर कोई भारत को छेड़ेगा, तो नया भारत उसे छोड़ता नहीं है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या में श्री हनुमान गढ़ी मंदिर परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने ‘श्री हनुमत कथा मंडपम’ का उद्घाटन किया और वहां मौजूद संत समाज व श्रद्धालुओं को संबोधित किया।

पाकिस्तान पर सीधा हमला

सीएम योगी ने अपने संबोधन में पाकिस्तान को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अब वह ज्यादा दिन नहीं टिकेगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने कई वर्षों तक भारत में आतंकवाद फैलाया और निर्दोष नागरिकों को धर्म पूछकर मारा। लेकिन अब भारत की नई नीति स्पष्ट है—आतंकवाद को जड़ से खत्म करना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना ने अब तक 124 आतंकियों को मार गिराया है। उन्होंने आगे कहा, “75 साल बहुत हो गए पाकिस्तान को, अब उसका अंत निकट है। जिस देश की नींव आतंकवाद पर रखी गई हो, उसका अधिक समय तक टिके रहना मुश्किल है। पाकिस्तान का अस्तित्व अब कृत्रिम बन गया है और किसी कृत्रिम चीज का जीवन बहुत लंबा नहीं होता।”

सनातन धर्म और भारत की रक्षा सर्वोपरि

योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में देश और धर्म के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भारतवासी अपने धर्म और राष्ट्र के खिलाफ किसी भी प्रकार की गतिविधि को स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, “हमारे मठ, मंदिर और पूज्य संतजन सनातन धर्म की पहचान हैं। इनकी गरिमा और सम्मान बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। इन पर किसी भी प्रकार का हमला या अनादर स्वीकार नहीं किया जाएगा।”

हनुमान गढ़ी में विकास की नई पहल

मुख्यमंत्री ने हनुमान गढ़ी मंदिर में ‘श्री हनुमत कथा मंडपम’ के निर्माण की सराहना की और मंदिर प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि संतों ने प्रत्येक पाई का सही उपयोग करते हुए इस महत्वपूर्ण स्थल का विकास किया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या आने वाला हर श्रद्धालु राम जन्मभूमि, हनुमान गढ़ी और सरयू घाट पर जाना चाहता है। इसलिए इन स्थलों का विकास जरूरी है।

उन्होंने आगे कहा कि अयोध्या धाम अब न केवल आस्था का केंद्र बन चुका है, बल्कि यह वैश्विक श्रद्धा और संस्कृति का भी प्रतीक बन रहा है। यहां के धार्मिक स्थलों का विकास आने वाले समय में लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह बयान भारत की आतंकवाद के खिलाफ चल रही नीति की स्पष्ट तस्वीर पेश करता है। उनका कहना है कि भारत अब आतंक के विरुद्ध कोई नरमी नहीं दिखाएगा और जो भी देश आतंकवाद को बढ़ावा देगा, उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। साथ ही उन्होंने सनातन संस्कृति और धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने पर भी जोर दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *